जौनपुर :-- जौनपुर नगर में सोमवार सुबह करीब 5 बजे आकाशीय बिजली गिरने से लगभग आधा नगर की बिजली गुल हो गई। सूचना मिलते ही पूरा महकमा सक्रिय हो गया और युद्ध स्तर पर मरम्मत कार्य शुरू कर दिया ।
बिजली विभाग के अनुसार, इस घटना में दो बड़े ट्रांसफार्मर सहित कई स्थानों पर 11 हजार वोल्ट की लाइनें क्षतिग्रस्त हो गईं, जिससे अनेक मोहल्लों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आकाशीय बिजली गिरने से रामाश्रम अहमद खां मंडी में स्थित 630 KVA और पुलिस लाइन स्थित 250 KVA के ट्रांसफार्मर जलकर क्षतिग्रस्त हो गए। इसके अलावा जिला जेल के पास पोस्ट ऑफिस कॉलोनी में दो पिन इंसुलेटर भी क्षतिग्रस्त हुए, जिसके चलते इलाके में बिजली सप्लाई पूरी तरह ठप रही।
घटना की सूचना मिलते ही विद्युत विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौके पर पहुंचे और बिजली आपूर्ति बहाल करने के लिए युद्धस्तर पर कार्य शुरू किया। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि ट्रांसफार्मर और तारों की मरम्मत का कार्य जारी है, और जल्द ही प्रभावित क्षेत्रों में आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
बिजली आपूर्ति बाधित होने से कई इलाकों में लोगों को पेयजल, इंटरनेट और अन्य सुविधाओं के अभाव में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। नागरिकों ने जल्द से जल्द आपूर्ति बहाल किए जाने की मांग की है।

0 Comments