संजू हत्या काण्ड का सफल अनावरण, आरोपी गिरफ्तार

 



जौनपुर :-- बदलापुर कोतवाली क्षेत्र के सुजानगंज रोड पर स्थित कृष्णा डेयरी के सामने गड्ढे से बरामद मृत महिला की हत्या का सफल अनावरण करते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर चालान न्यायालय भेज दिया। पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त ईंट (आलाकत्ल) व अन्य सामान बरामद किया है।

मिली जानकारी के अनुसार 30 अगस्त को अच्छेलाल गौड़ निवासी भीलमपुर, थाना सुजानगंज ने तहरीर दी थी कि उसकी पत्नी संजू देवी की हत्या कर शव को पानी से भरे गड्ढे में फेंक दिया गया। इस पर थाना बदलापुर में मुकदमा पंजीकृत कर आरोपियों की तलाश की जा रही थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने सरोखनपुर अंडरपास के पास से आरोपी वेद प्रकाश सिंह उर्फ टिंकू सिंह निवासी कुंहीकला, थाना बदलापुर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने बताया कि वह बिजली का ठेकेदार है। करीब दो वर्ष पूर्व विद्युतीकरण कार्य के दौरान मृतका से उसका परिचय हुआ और अवैध संबंध बन गए। मृतका लगातार पैसों की मांग कर रही थी और साथ ही आरोपी से घर में रखने का दबाव डाल रही थी। इसी विवाद के चलते 28 अगस्त को झगड़े के दौरान आरोपी ने गुस्से में मृतका पर हमला कर उसकी हत्या कर दी और शव को पानी से भरे गड्ढे में फेंक दिया।

Post a Comment

0 Comments