कलयुगी मां ने अपने तीन बच्चों को दिया जहर, एक बच्चे की मौत मां एवं दो बच्चे गम्भीर

 


शाहगंज/ जौनपुर :-- स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के सबरहद गांव में सोमवार को एक कलयुगी मां ने अपने तीन बच्चों को जहर देकर खुद जहर खा लिया जिससे एक बच्चे की मौत हो गई जबकि शेष दो  बच्चों सहित मां की हालत गंभीर बनी हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार उक्त गांव निवासी 32 वर्षीय महिला सविता ने अपने तीन बच्चों को जहर दे दिया और खुद भी सेवन कर लिया। इस हादसे में छह वर्षीय शिवम की मौत हो गई, जबकि मां सविता, आठ वर्षीय बेटा सत्या और आठ माह का बेटा शिवांश गंभीर हालत में शाहगंज के एक निजी अस्पताल में भर्ती हैं।

परिजन सभी को दोपहर करीब 12 बजे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने शिवम को मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार सविता और दोनों बच्चों की हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, सविता के पति मोनू बेंगलुरु में नौकरी करते हैं। घटना के समय घर पर केवल सास मौजूद थीं। उनका कहना है कि परिवार में किसी प्रकार का विवाद नहीं था। हालांकि सूत्रों का कहना है कि पति-पत्नी के बीच तनाव चल रहा था, जिसकी वजह से सविता ने यह कदम उठाया।

घटना से पूरे गांव में शोक की लहर है। तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। परिजन फिलहाल कुछ भी कहने से बच रहे हैं। पुलिस कारणों का पता लगाने के लिए गहन जांच कर रही है।

Post a Comment

0 Comments