रामपुर /जौनपुर :-- स्थानीय क्षेत्र में गुरुवार की शाम और शुक्रवार की भोर से हो रही लगातार मूसलाधार बारिश ने नगर पंचायत की व्यवस्था को अस्त-व्यस्त कर दिया है। रामपुर बाजार जलमग्न हो गया है, जिससे जनजीवन पूरी तरह से प्रभावित हो गया है। व्यापारियों के घरों में पानी घुस गया है, जिससे वे परेशान हैं।
रामपुर थाना परिसर में भी जलभराव हो गया है, जिससे थाने का कार्य प्रभावित हो रहे हैं। फरियादी थाने के अंदर नहीं जा पा रहे हैं और पुलिसकर्मी भी बिना जूते के पैंट मोड़कर थाने परिसर में आ रहे हैं। सूचना पर नगर पंचायत द्वारा फाइटर लगाकर व नाली की सफाई कर पानी को निकालने का प्रयास किया गया जिस कारण थाने परिसर में पानी का स्तर कम हुआ है।
नगर पंचायत की लापरवाही की वजह से जलभराव की समस्या और भी बढ़ गई है। नालों की सफाई नहीं होने से पानी की निकासी नहीं हो पा रही है, जिससे जलभराव की समस्या उत्पन्न हो गई है। लोगों में नगर पंचायत के प्रति रोष है। लोग परेशान हैं और प्रशासन से मांग रहे हैं कि जलभराव की समस्या का समाधान किया जाए।

0 Comments