रिपोर्ट - पंकज गुप्ता
सूरापुर / सुल्तानपुर :- उद्योग व्यापार मंडल सूरापुर ने क्षेत्र की बदहाल विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को लेकर ऊर्जा मंत्री एके शर्मा को सूरापुर बाजार में व्यापार मंडल अध्यक्ष विजय कुमार अग्रहरि (बीके) के नेतृत्व में ज्ञापन सौंपा। इस ज्ञापन में क्षेत्रीय व्यापारियों, किसानों और आम नागरिकों को हो रही असुविधा को लेकर चार प्रमुख मांगें रखी गईं।
ज्ञापन में कहा गया है कि तवक्कलपुर नगर सूरापुर उपकेंद्र वर्तमान में 2 x 5 मेगावाट क्षमता से संचालित है, जबकि क्षेत्र की बढ़ती जरूरतों को देखते हुए इसकी क्षमता 2 x 10 मेगावाट करना अत्यंत आवश्यक है। इससे अनावश्यक बिजली कटौती से राहत मिलेगी और व्यापारिक गतिविधियों को गति मिलेगी। सूरापुर बाजार के लिए अलग फीडर की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।
मंडल के अनुसार, वर्तमान में बाजार क्षेत्र में वाणिज्यिक उपभोक्ताओं को ग्रामीण दर पर विद्युत आपूर्ति की जा रही है। चूंकि सूरापुर बाजार का क्षेत्रफल और लोड बढ़ चुका है, इसलिए उसके लिए अलग विद्युत फीडर बनाना आवश्यक हो गया है। ज्ञापन में विद्युत कर्मचारियों की लापरवाही पर भी गंभीर चिंता जताई गई है। मंडल ने आरोप लगाया कि सूरापुर विद्युत उपकेंद्र से जुड़ी लापरवाही और जवाबदेही की कमी के कारण क्षेत्र में बार-बार विद्युत आपूर्ति बाधित हो रही है।
इसके अतिरिक्त, धार्मिक और भीड़भाड़ वाले बिजेथुआ धाम क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ करने की बात भी ज्ञापन में उठाई गई है। टीपी नगरा व करीबी विद्युत उपकेंद्रों की क्षमता 10 मेगावाट एबीसी तक बढ़ाने की मांग की गई है, जो पिछले कई वर्षों से लंबित है।
ज्ञापन लेते हुए ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने बताया कि जल्द ही समस्या का समाधान हो जाएगा। उन्होंने व्यापार मंडल की मांगों को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। व्यापार मंडल ने ऊर्जा मंत्री के आश्वासन पर आभार व्यक्त किया और समस्या के समाधान की प्रतीक्षा करने का निर्णय लिया।


0 Comments