वाराणसी। थाना बड़ागांव पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। गौ-तस्करी में वांछित अभियुक्त को मुठभेड़ के बाद घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया है। उसके कब्जे से असलहा भी बरामद किया गया है। जरिया मुखबिर सूचना के अनुसार एक महिंद्रा पिकअप वाहन में गोवंश लादकर वध के उद्देश्य से बिहार ले जाया जा रहा है। इस पर पुलिस टीम ने बाबतपुर चौराहे के पास वाहनों की चेकिंग शुरू की। पुलिस को देख वह पिकअप वाहन अनेंई की ओर भाग गया। थोड़ी दूरी पर चालक प्राथमिक विद्यालय चक खरावन के पास वाहन छोड़कर फरार हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने जब वाहन की तलाशी ली तो उसमें से 09 राशि गोवंश बरामद हुए।
इस संबंध में थाना बड़ागांव पर मु0अ0सं0-314/2025, धारा 325 बीएनएस व 3/5A/5B/8 गोवध निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।तफ्तीश के दौरान एक वांछित अभियुक्त रियाज उर्फ बिल्ला पुत्र अच्छेलाल निवासी महमदपुर, थाना बरसठी, जौनपुर का नाम प्रकाश में आया।
मुखबिर की सूचना और सर्विलांस सेल की तकनीकी मदद से 14 जुलाई को अभियुक्त की घेराबंदी की गई। खुद को घिरा देख उसने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से अभियुक्त घायल हो गया।
मौके से एक तमंचा, कारतूस और अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद किया गया है। घायल अभियुक्त को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि अभियुक्त के खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। ऑपरेशन के दौरान कोई पुलिसकर्मी हताहत नहीं हुआ।

0 Comments