विद्युत समस्या के समाधान के लिए सूरापुर पहुंचे अधिशासी अभियंता

 


व्यापारियों से मुलाकात कर सुनी समस्याएं, जल्द समाधान का दिया भरोसा

सूरापुर /सुलतानपुर :- क्षेत्र में लंबे समय से चल रही खराब विद्युत आपूर्ति की समस्या को गंभीरता से लेते हुए कादीपुर के अधिशासी अभियंता धर्मवीर सिंह सूरापुर पहुंचे। बताया जा रहा है कि स्थानीय व्यापारियों की शिकायतों के बाद यह दौरा ऊर्जा मंत्री के निर्देश पर हुआ।

अधिशासी अभियंता ने यहां व्यापार मंडल अध्यक्ष बीके अग्रहरि से मुलाकात की और स्थानीय व्यापारियों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं सुनीं। बैठक में प्रमुख रूप से विद्युत आपूर्ति में अनियमितता और गलत बिलिंग की समस्या सामने आई। व्यापारियों ने बताया कि दिन में भी घंटों तक बिजली नहीं रहती, जिससे व्यापार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।

इस मौके पर अधिशासी अभियंता धर्मवीर सिंह ने व्यापारियों को भरोसा दिलाया कि क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था को जल्द बेहतर किया जाएगा। उन्होंने कहा, "हम व्यापारियों की समस्याओं से भलीभांति अवगत हैं और उनका शीघ्र समाधान हमारी प्राथमिकता है। गलत बिल की जांच कर सुधार किया जाएगा और विद्युत आपूर्ति को सुचारु किया जाएगा।"

व्यापारियों ने अधिशासी अभियंता के आश्वासन पर संतोष व्यक्त किया और जल्द समाधान की अपेक्षा जताई। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि इस पहल से क्षेत्र की बिजली समस्या में जल्द सुधार देखने को मिलेगा इस मौके पर सुनील चौरसिया, रवि बरनवाल, पप्पू अग्रहरी, सतीश मोदनवाल, कृष्णा चौरसिया, आशुतोष सोनी सहित दर्जनों व्यापारी मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments