✍️ श्री अवध डाट काम पर खबरों के लिए संपर्क करें 9839627223
मथुरा- वृंदावन के परिक्रमा मार्ग में श्याम कुटी के पास शुक्रवार रात 11.30 बजे सीवर लाइन खुदाई के दौरान मिट्टी खिसकने से एक मजदूर सहित दो लोगों की मिट्टी में दबने के कारण दर्दनाक मौत हो गई। मलबे के नीचे दबे दोनों मजदूरों को तत्काल सौ सैया अस्पताल ले गए जहां चिकित्सकों ने उनको मृत घोषित कर दिया गया। इस घटना से मजदूरों के परिवार में कोहराम मच गया है। रात्रि में हुए इस दर्दनाक हादसे की किसी को कानो कान खबर नहीं हो पाई। एक मजदूर का शव पोस्टमार्टम के लिए मथुरा भेज दिया गया है जबकि मृतक विजय जो ठेकेदार का भाई था उसका शव परिजन फिरोजाबाद ले गये।
जानकारी के अनुसार नगर निगम मथुरा-वृन्दावन के अन्तर्गत वार्ड सं.-34 में श्यामकुटी के पास से होकर गौरानगर को जाने वाली गली में सीवर लाईन विस्तार कार्य के समय कृष्णा मशीनरी ट्रेडर्स, फिरोजाबाद के दो लोगों की मिट्टी ढह जाने के कारण दबने से मौत हो गई। जिसमें एक मजदूर नौरंगी एवं दूसरा ठेकेदार का भाई विजय था। बताया जाता है नगर निगम मथुरा-वृन्दावन के दो जोनों, औरंगाबाद व वृन्दावन में सीवर लाईन विस्तार का कार्य मयमैटेरियल एवं विभिन्न साइज के मैनहोलों का निर्माण कार्य फर्म मैसर्स कृष्णा मशीनरी ट्रेडर्स, फिरोजाबाद द्वारा कराये जा रहे हैं। घटना होने के दौरान मौके पर कोई भी सुरक्षा उपकरण मौजूद नहीं थे। बताया जाता है कि जलकल विभाग के अधिशासी अभियंता का ठेकेदार पर जल्द से जल्द काम करने का भारी दबाव था।चिकित्सकों के अनुसार दोनों मजदूरों के नाक़ मुंह में मिट्टी भर जाने से उनकी मृत्यु हुई है। मृतक मजदूर के परिजनों ने ठेकेदार के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

0 Comments