"क्लीन कैंपस - ग्रीन कैंपस" और "एक वृक्ष मां के नाम" पहल के तहत एमबीए छात्रों ने किया प्रेरणादायक पौधरोपण

✍️ श्री अवध डाट काम पर खबरों के लिए संपर्क करें 9839627223

रिपोर्ट - ए के तिवारी 

जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के प्रबंध अध्ययन संकाय के एमबीए (एग्री बिजनेस) चतुर्थ सेमेस्टर के विद्यार्थियों ने "मैनेजमेंट ऑफ फ्लोरीकल्चर एंड हॉर्टिकल्चर" विषय के अंतर्गत एक प्रभावशाली प्रोजेक्ट के तहत विश्वविद्यालय परिसर में पौधरोपण कर अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया।

यह आयोजन विश्वविद्यालय के "क्लीन कैंपस - ग्रीन कैंपस" अभियान और "एक वृक्ष मां के नाम" जैसी भावनात्मक एवं सार्थक पहल के अंतर्गत संपन्न हुआ। छात्रों ने अपनी मां के सम्मान में विभिन्न छायादार पौधों का रोपण कर न केवल पर्यावरण संरक्षण का सशक्त संदेश दिया, बल्कि मातृत्व के प्रति गहरी आस्था और सम्मान भी प्रकट किया।

इस अवसर पर विद्यार्थियों की सहभागिता, संकल्प और समर्पण विशेष रूप से उल्लेखनीय रहा। अंतिम सेमेस्टर के विद्यार्थियों के लिए यह गतिविधि भावनात्मक जुड़ाव का माध्यम बनी, जिससे उनका संस्थान के प्रति आत्मीय संबंध और भी प्रगाढ़ हुआ।

प्रोजेक्ट के संयोजक व संकाय सदस्य उद्देश्य सिंह ने बताया कि इस गतिविधि का उद्देश्य छात्रों में प्रकृति, समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है। उन्होंने कहा कि "एक वृक्ष मां के नाम" जैसी पहल युवाओं में संवेदनशीलता, सामाजिक चेतना और मूल्य आधारित सोच को मजबूती प्रदान करती है।यह कार्यक्रम न केवल शैक्षणिक दायरे में सृजनात्मकता का परिचायक बना, बल्कि पर्यावरणीय चेतना को भी नई दिशा देने वाला सशक्त कदम सिद्ध हुआ।

Post a Comment

0 Comments