✍️ श्री अवध डाट काम पर खबरों के लिए संपर्क करें 9839627223
ए के तिवारीजौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के सभागार में शनिवार को तिरंगा साइकिल यात्रा में भाग लेने वाले विद्यार्थियों एवं सहयोगी शिक्षकों को कुलपति प्रो. वंदना सिंह द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। यह यात्रा 24 मार्च से 26 मार्च तक आयोजित की गई थी, जिसमें प्रतिभागियों ने 150 किलोमीटर की दूरी साइकिल से तय कर देशभक्ति और जन जागरूकता का संदेश दिया।
कुलपति प्रो. वंदना सिंह ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों के उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने न केवल शारीरिक सामर्थ्य का परिचय दिया बल्कि तिरंगे के सम्मान और राष्ट्रीय एकता का भी बेहतरीन संदेश दिया। उन्होंने कहा कि इस तरह की यात्राएं युवाओं में राष्ट्र प्रेम और आत्मबल को सुदृढ़ करती हैं।
समारोह में परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनोद कुमार सिंह और प्रो. मानस पांडे ने भी छात्रों का मार्गदर्शन करते हुए उनके जज्बे की सराहना की। यात्रा के नोडल अधिकारी प्रो. राकेश कुमार यादव ने तीन दिवसीय यात्रा के दौरान विद्यार्थियों द्वारा किए गए प्रयासों और गतिविधियों का विस्तार से उल्लेख किया। सहायक नोडल अधिकारी डॉ. अनुराग मिश्र ने अतिथियों का स्वागत करते हुए प्रतिभागी छात्रों को बधाई दी।
इस गौरवशाली यात्रा में 30 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया था। यात्रा के दौरान शहीद स्थलों पर जाकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई और शहीदों के परिजनों को विश्वविद्यालय की ओर से मान-पत्र, अंगवस्त्र और प्रतीक चिह्न भेंट किए गए। इसके अतिरिक्त, प्रतिभागियों ने समाज को नशा और दहेज जैसी सामाजिक कुरीतियों से मुक्त करने का संदेश भी दिया।
इस अवसर पर प्रो. सुरेश कुमार पाठक, शिक्षक संघ के महामंत्री डॉ. शैलेन्द्र यादव, डॉ. मीता राम पाल, डॉ. पूनम यादव, अजय कुमार, डॉ. हेमंत यादव, डॉ. पुनीत सिंह, राजपाल यादव, सत्य लाल यादव, डॉ. अंजनी कुमार मिश्र समेत साइकिल यात्रा में शामिल सभी विद्यार्थी उपस्थित रहे।

0 Comments