खेतासराय/जौनपुर। खेतासराय थाना क्षेत्र के वाराणसी शाहगंज रेल प्रखंड पर मनेछा गांव के पास बीती रात ट्रेन से गिरकर 35 वर्षीय एक यात्री की मौत हो गई। मृतक की पहचान फिरोज पुत्र सुबराती निवासी ग्राम सुजौली थाना बरखड़िया जिला बहराइच के रूप में हुई।
मिली जानकारी के अनुसार युवक जौनपुर से इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन पड़कर बहराइच जा रहा था।खेतासराय थानाध्यक्ष रामाश्रय राय को ग्रामीणों ने सूचना दी कि खेतासराय जौनपुर रेल मार्ग के मनेछा गांव स्थित गेट नम्बर 53 सी के पास 35 वर्षीय एक युवक इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन से गिरकर घायल पड़ा है। ग्रामीणों ने 108 एंबुलेंस पर तत्काल सूचना देकर उसे बुलाने का प्रयास किया। लेकिन डेढ़ घंटे तक एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची । आखिरकार ग्रामीण पुलिस की मदद से एक ऑटो में लाद कर घायल को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सोंधी में उपचार के लिए भर्ती कराये। यहां भी कोई जिम्मेदार अधिकारी नहीं होने के कारण मरीज का प्राथमिक उपचार कर आनन फानन में उसे जिला अस्पताल भेज दिया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया और घायल व्यक्ति के अज्ञात होने के कारण शव को पीएम हाउस में रखवा दिया। थानाध्यक्ष खेतासराय रामाश्रय राय ने इस संबंध में बताया कि घटना के बाद पुलिस टीम को शाहगंज जंक्शन रेलवे स्टेशन और जीआरपी से संपर्क कर छानबीन के लिए लगाया गया था। जिसका परिणाम यह हुआ कि मृतक के शव की पहचान फिरोज पुत्र शुभराती निवासी ग्राम सुजौली थाना बरखड़िया जनपद बहराइच के रूप में हुई है।थानाध्यक्ष श्री राय ने बताया कि मृतक युवक लेबर का काम करता था। वह जौनपुर भंडारी रेलवे स्टेशन से इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन पड़कर अपने कुछ साथियों के साथ बहराइच जा रहा था । खिड़की के पास बैठा होने के चलते असावधानी वश यह घटना घट गई।मृतक फिरोज के परिजन खेतासराय थाना पहुंचे और उन्होंने शव की पहचान की है।

0 Comments