रिपोर्ट - रंजीत तिवारी
गोंडा :-- जिले में गन्ना किसानों के साथ खुलेआम लूट होने का मामला सामने आया है। शासन के स्पष्ट आदेश के बाद भी बलरामपुर चीनी मिल से जुड़े गन्ना क्रय केंद्रों पर किसानों से जबरन उतराई के नाम पर ₹50 से लेकर ₹100 प्रति ट्रॉली तक वसूली का आरोप है। इस अवैध वसूली के खिलाफ अब अखिल भारतीय किसान संघ ने मोर्चा खोल दिया है।
अखिल भारतीय किसान संघ के प्रदेश संगठन मंत्री दिलीप मिश्रा ने बताया कि शासन और गन्ना आयुक्त के स्पष्ट निर्देश हैं कि क्रय केंद्रों पर गन्ने की उतराई पूरी तरह निःशुल्क होगी। इसका सारा खर्च मिल प्रबंधन को उठाना होगा। इसके बावजूद मिल से जुड़े केंद्रों पर किसानों को लूटा जा रहा है।
किसान संघ के अनुसार पूरे सिधारी, अयाह 'ए', जवाहर नगर, दिखलौल, बेलवा बहुता, इटियाथोक 'सी', नरौरा, भर्रा पुर सहित कई केंद्रों पर किसानों से उतराई के नाम पर पैसा मांगा जा रहा है। पैसा न देने पर किसानों का गन्ना उतारने में आनाकानी की जाती है, जिससे किसान मजबूरी में पैसा देने को मजबूर हैं।
दिलीप मिश्रा ने कड़े शब्दों में कहा कि यह किसानों के हक पर डाका है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जिला प्रशासन और मिल प्रबंधन ने इस अवैध वसूली पर तुरंत रोक नहीं लगाई, तो संगठन किसानों के हक में व्यापक आंदोलन करने को बाध्य होगा। उन्होंने कहा कि आंदोलन होने पर इसकी समस्त जिम्मेदारी जिला प्रशासन और मिल प्रबंधन की होगी।
किसानों का कहना है कि एक तरफ गन्ने का भुगतान समय पर नहीं मिलता, दूसरी तरफ उतराई के नाम पर जेब काटी जा रही है। अब किसान यह लूट बर्दाश्त नहीं करेंगे।

0 Comments