मुख्यमंत्री के आगमन से पहले डीएम एसपी ने हेलीपैड से लेकर कथा पंडाल तक किया निरीक्षण

         ‌‌श्री अवध डाटकाम  9839627223

रिपोर्ट - रंजीत तिवारी

इटियाथोक/गोंडा  :-- स्थानीय क्षेत्र खरगूपुर जयप्रभा ग्राम में होने वाले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के प्रस्तावित आगमन को लेकर जिला प्रशासन अब पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। मंगलवार को जिलाधिकारी रमेश रंजन और पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा ने खुद मौके पर पहुंचकर तैयारियों का बारीकी से निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने हेलीपैड, श्रीराम कथा स्थल, मंदिर परिसर और आसपास के पूरे क्षेत्र का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों से एक-एक व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने साफ कहा कि मुख्यमंत्री जी के कार्यक्रम को लेकर सभी तैयारियां समय से पहले पूरी होनी चाहिए। DM ने हेलीपैड की व्यवस्था, कथा स्थल की साफ-सफाई, पेयजल, बिजली, पार्किंग और यातायात प्रबंधन को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी तालमेल से काम करें, ताकि श्रद्धालुओं और अतिथियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

वहीं पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा, यातायात नियंत्रण और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। SP ने कहा कि सुरक्षा में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी दयानंद प्रसाद, अपर जिलाधिकारी प्रमोद झा, नगर मजिस्ट्रेट पंकज वर्मा, एक्सईएन प्रांतीय खंड प्रमोद त्रिपाठी, परियोजना निदेशक डीआरडीए सुशील कुमार पांडेय, डीसी एनआरएलएम जेएन राव, डीसी मनरेगा जनार्दन प्रसाद, जिला पंचायत राज अधिकारी सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


प्रशासन का कहना है कि मुख्यमंत्री के आगमन और श्रीराम कथा कार्यक्रम को पूरी तरह सुव्यवस्थित, सुरक्षित और समयबद्ध ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

Post a Comment

0 Comments