श्री अवध डाटकाम 9839627223
रिपोर्ट - दिलीप सिंह
गोण्डा :-- जिले में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों की करीब 90 हजार रुपये कीमत की तीन मोटरसाइकिलें कुर्क कर लीं।
पुलिस के अनुसार, थाना धानेपुर में पंजीकृत मुकदमा संख्या 04/2026 धारा 3(1) उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम से संबंधित अभियुक्तों की अवैध रूप से अर्जित संपत्ति के विरुद्ध यह कार्रवाई की गई। जिलाधिकारी गोण्डा के आदेश पर 12 नवंबर 2026 को गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के तहत कुर्की की कार्रवाई संपन्न हुई। यह कार्रवाई उपजिलाधिकारी सदर जितेन्द्र कुमार गौतम एवं नायब तहसीलदार सदर जयशंकर सिंह की मौजूदगी में थानाध्यक्ष मोतीगंज तेज नारायण गुप्ता और पुलिस टीम ने की।
कुर्क की गई संपत्तियों में अब्दुल गफूर निवासी देवरिया अलावल की प्लेटिना मोटरसाइकिल (कीमत 50 हजार रुपये), संतराम यादव निवासी जमुनागंज हाड़ापुरवा की पैशन प्रो मोटरसाइकिल (कीमत 15 हजार रुपये) तथा अजीत सिंह निवासी हाड़ापुरवा की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (कीमत 25 हजार रुपये) शामिल हैं।
पुलिस ने तीनों मोटरसाइकिलों को कब्जे में लेकर कुर्की की कार्रवाई पूरी की। इनकी कुल अनुमानित कीमत 90 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस का कहना है कि अपराध से अर्जित अवैध संपत्तियों के विरुद्ध आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

0 Comments