श्री अवध डाटकाम 9839627223
रिपोर्ट - रंजीत तिवारी
करनैलगंज, गोंडा। कोतवाली करनैलगंज क्षेत्र में अपराध बेलगाम हो गया है। दिनदहाड़े घर का ताला तोड़कर लाखों की चोरी और रात में घर में घुसकर जेवरात उड़ाने की घटनाओं से लोगों में दहशत है। रात्रि गश्त नदारद है, पुलिस का खौफ खत्म हो गया है और चोरों के हौसले बुलंद हैं। कोतवाली प्रभारी अपराध पर अंकुश लगाने में पूरी तरह नाकाम साबित हो रहे है।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम बेलहरी (लुहारन पुरवा) निवासी आलोक यादव लखनऊ में रहता है। 12 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे नसरुद्दीन, जियाउद्दीन व अन्य ने उसके बंद घर का दरवाजा तोड़ दिया। फूल के बर्तन, जेवरात, दो तख्त, पलंग, पेटी, नल का पाइप और गैस सिलेंडर तक उठा ले गए। चाचा राजाराम ने देखा तो फोन किया। पीड़ित ने 112 पर सूचना दी, पुलिस आई, वीडियो बनाया और चली गई। 18 अक्टूबर को जब पीड़ित कोतवाली तहरीर देने जा रहा था तो आरोपियों ने खुलेआम गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी।
दूसरा मामला हीरापुर शाहपुर के मजरा मदारपुर का है। 15 अक्टूबर की रात भगवान दास की पत्नी अनीता बरामदे में सो रही थी, बहू कोमल कमरे में थी। चोर घर में घुसे और अलमारी-लॉकर तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात और गुल्लक ले उड़े।
दोनों मामलों में पुलिस ने सिर्फ मुकदमा दर्ज कर "जांच की जा रही है" का रटा-रटाया बयान देकर खानापूर्ति कर दी। न घटनाओं का खुलासा हुआ, न माल बरामद हुआ। इससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि कोतवाली प्रभारी सिर्फ कागजी कार्रवाई में व्यस्त हैं, जमीन पर अपराधी बेखौफ घूम रहे हैं।

0 Comments