श्री अवध डाटकाम 9839627223
रिपोर्ट - दिलीप सिंह
इटियाथोक/गोण्डा :-- स्थानीय ब्लाक क्षेत्र इटियाथोक के अयाह गांव स्थित मात कोटरा मंदिर परिसर में बीते 11 अक्टूबर से दुर्गा पूजा और रामलीला मंचन का भव्य आयोजन जनसहयोग से चल रहा है। इस दौरान सोमवार को दोपहर में मंदिर प्रांगण में हवन के साथ ब्राह्मण भोज व बाल भंडारा आयोजित किया गया। तत्पश्चात कमेटी के कार्यकर्ताओ सहित गांव से यहां पहुंचे अन्य महिलाओ व पुरुषों को भी भंडारे का प्रसाद वितरित किया गया। यहां स्थानीय कलाकारों के सहयोग से रामलीला मंचन हो रहा है। सोमवार की बीती रात यहां सुग्रीव का बालि को ललकारना, वालिवध, लंका दरबार, रावण द्वारा सीता का त्रास, सीता की खोज शुरू, अशोक वाटिका विध्वंस, लंका दहन, हनुमान का सीता से मिलन आदि समेत अन्य कार्यक्रम दिखाए गए।
अयाह गांव निवासी आयोजन के अगुवा संतोष मिश्र ने बताया कि इस बार यहां रामलीला का चौथा साल है जबकि इसी मंदिर पर दुर्गापूजा का यह चौदहवां साल है। मंचन कार्यक्रम में सभी पात्र और वादक इसी गांव के हैं। अंतिम दिवस 20 अक्टूबर को दिन में एक बजे से अयाह गन्ना तौल केंद्र पर मेला लगेगा और यहां रावण दहन होगा, तत्पश्चात रात्रि में मंदिर परिसर के मंच पर राजतिलक का कार्यक्रम दिखाया जाएगा।

0 Comments