गांव-गांव गंगाजल के साथ चलेगा जनजागरण अभियान : मुकेश सहनी

           श्री अवध डाटकाम    9839627223

गोंडा :-- विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के संस्थापक एवं बिहार सरकार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने गोंडा स्थित ड्रीम पैलेस, फैजाबाद बाईपास रोड में आयोजित कार्यकर्ता संवाद एवं प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि निषाद समाज अब अपने संवैधानिक अधिकार, सम्मान और एससी आरक्षण की लड़ाई निर्णायक रूप से लड़ेगा।

मुकेश सहनी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में निषाद समाज को संगठित करने के लिए व्यापक जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे गांव-गांव, घर-घर जाकर समाज के लोगों को जागरूक करें तथा गंगाजल हाथ में लेकर यह संकल्प दिलाएं कि यदि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले निषाद समाज को उसका संवैधानिक एससी आरक्षण नहीं मिला, तो समाज भारतीय जनता पार्टी को वोट नहीं देगा।

उन्होंने कहा कि उनकी लड़ाई किसी व्यक्ति या दल के विरुद्ध नहीं, बल्कि निषाद समाज के संवैधानिक अधिकार, सामाजिक न्याय और सम्मान के लिए है। समाज को शिक्षा, संगठन और राजनीतिक भागीदारी के माध्यम से मजबूत बनाना ही इस अभियान का उद्देश्य है। मुकेश सहनी ने कहा, "एक रोटी कम खाइए, लेकिन अपने बच्चों को जरूर पढ़ाइए। शिक्षित समाज ही अपने अधिकारों की रक्षा कर सकता है।" उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए समाज को एकजुट होकर अपने अधिकारों की लड़ाई लड़नी होगी।

कार्यक्रम के दौरान सैकड़ों कार्यकर्ताओं एवं निषाद समाज के लोगों ने पवित्र गंगाजल हाथ में लेकर सामूहिक संकल्प लिया कि यदि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले निषाद समाज को उसका संवैधानिक एससी आरक्षण नहीं मिला, तो वे भारतीय जनता पार्टी को वोट नहीं देंगे। उपस्थित लोगों ने भगवान गुहराज निषाद, महर्षि कश्यप, वीर एकलव्य, अमर शहीद जुब्बा सहनी, वीरांगना फूलन देवी सहित समाज के महापुरुषों को साक्षी मानकर यह संकल्प दोहराया।

मुकेश सहनी ने कहा कि आज से यह जनजागरण अभियान पूरे उत्तर प्रदेश के प्रत्येक गांव, टोले और बूथ तक पहुंचाया जाएगा। पार्टी कार्यकर्ता घर-घर जाकर गंगाजल के साथ समाज के लोगों को यही संकल्प दिलाएंगे तथा निषाद समाज को उसके संवैधानिक अधिकार, सामाजिक न्याय और एससी आरक्षण के लिए संगठित करेंगे। उन्होंने कहा कि यह केवल राजनीतिक अभियान नहीं, बल्कि समाज के सम्मान, स्वाभिमान और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य की रक्षा का जनआंदोलन है। उन्होंने कहा कि विकासशील इंसान पार्टी लोकतंत्र और संविधान में पूर्ण विश्वास रखती है तथा निषाद समाज के संवैधानिक आरक्षण और अधिकारों की लड़ाई लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से निरंतर जारी रखेगी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, सन ऑफ निषाद बिनोद साहनी शाहपुर धनावा,अवधेश निषाद,राकेश निषाद,जय कुमार निषाद प्रधान रामनाथ निषाद प्रधान फत्तेपुर कोटहना,रामभारत निषाद काशीपुर और तमाम कार्यकर्ता एवं कश्यप-निषाद समाज के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments