विद्युत विभाग के खिलाफ ग्रामीणों का प्रदर्शन, ट्रांसफार्मर क्षमता बढ़ाने की मांग

       श्री अवध डाटकाम   9839627223

बिजली विभाग सहित पुलिस बल मौजूद, नहीं रखने दिया सौ केवी का ट्रांसफार्मर

रिपोर्ट - विजय बाजपेयी

नानपारा/बहराइच। बिजली संकट से जूझ रहे ग्रामीणों का गुस्सा आखिरकार फूट पड़ा। जिले के मटेरा क्षेत्र में विद्युत विभाग के खिलाफ ग्रामीणों ने जोरदार प्रदर्शन किया। खैरीघाट थाना क्षेत्र के देवदत्तपुर गांव में रविवार को उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जब ग्रामीणों ने विभाग द्वारा लाए गए 100 केवी के ट्रांसफार्मर को उतारने से साफ मना कर दिया। ग्रामीण गांव की आबादी और लोड को देखते हुए ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाने की मांग पर अड़े हुए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि देवदत्तपुर गांव में पिछले करीब एक महीने से बिजली गुल है, जिससे भीषण गर्मी में लोगों का जीना मुहाल हो गया है। ग्रामीणों ने बताया गांव में वैध और अवैध मिलाकर लगभग 400 बिजली कनेक्शन हैं। इतनी बड़ी आबादी और लोड के बावजूद यहां सिर्फ 100 केवी का ट्रांसफार्मर लगा हुआ था, जो एक महीने पहले ओवरलोडिंग के कारण फुंक गया था। कम क्षमता का ट्रांसफार्मर होने के कारण यह अक्सर खराब हो जाता है, जिससे गांव में लंबे समय तक बिजली संकट बना रहता है। रविवार को विद्युत उपकेंद्र मटेरा के कर्मचारी जब एक महीने बाद गांव में नया 100 केवी का ट्रांसफार्मर लगाने पहुंचे, तो ग्रामीणों का सब्र टूट गया। सैकड़ों की संख्या में इकट्ठा हुए ग्रामीणों ने कर्मचारियों को घेर लिया और ट्रांसफार्मर को चबूतरे पर रखने से रोक दिया। ग्रामीणों का साफ कहना है कि जब तक यहां 150 या 200 केवी का उच्च क्षमता वाला ट्रांसफार्मर नहीं लगाया जाता, तब तक वे गांव में नया ट्रांसफार्मर नहीं रखने देंगे।

ग्रामीणों के भारी विरोध और हंगामे की सूचना मिलते ही खैरीघाट थाने की पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गई। इसके साथ ही मटेरा उपकेंद्र पर तैनात जूनियर इंजीनियर (जेई) भी ग्रामीणों को समझाने के लिए देवदत्तपुर पहुंचे।

जेई ने कहा तत्काल प्रभाव से क्षमता बढ़ाना नियमों के खिलाफ है। विभागीय कागजी कार्रवाई और लोड का सर्वे होने के बाद ही ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाई जा सकती है। अभी अस्थाई रूप से बिजली आपूर्ति बहाल करने के लिए 100 केवी का ट्रांसफार्मर लगाने दिया जाए। हालांकि, अधिकारी के इस आश्वासन के बाद भी ग्रामीण टस से मस नहीं हुए। ग्रामीणों ने दोटूक कहा कि विभाग हर बार आश्वासन देकर चला जाता है और कम क्षमता का ट्रांसफार्मर कुछ ही दिनों में फिर से जल जाता है। प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों का कहना है कि वे कुछ दिन और अंधेरे में काट लेंगे, लेकिन अब उन्हें इस समस्या का स्थाई समाधान चाहिए। समाचार लिखे जाने तक ग्रामीणों और विद्युत विभाग के बीच गतिरोध बना हुआ था और पुलिस स्थिति पर नजर रखे हुए थी। प्रदर्शन में प्रधान प्रतिनिधि राम संवारे निषाद, अरुण तिवारी,विक्रम आर्य,शुभम लाल,केदारनाथ श्रीवास्तव,धीरज गुप्ता,राधेश्याम श्रीवास्तव,मोहम्मद समीर, बाबूलाल सोनकर,अकरम अली, राजकुमार आर्य,मुस्ताक अली सहित सैकड़ो ग्रामीण शामिल रहे।

Post a Comment

0 Comments