श्री अवध डाटकाम 9839627223
रिपोर्ट - दिलीप सिंह
गोण्डा। इटियाथोक थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 12वीं कक्षा में प्रवेश लेने जा रहे एक छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ बाइक पर सवार दो अन्य छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा नवा गांव आर्यनगर मार्ग पर बीरपुर सूबेदार के पास हुआ।
मिली जानकारी के अनुसार, टेंडेल पुरवा गांव निवासी विशाल अपने छोटे भाई विवेक और देवापारी निवासी अंकित के साथ एक ही मोटरसाइकिल से इटियाथोक जनता इंटर कॉलेज में कक्षा 12 में प्रवेश कराने गया था। वापसी के दौरान तीनों पांडेय पुरवा स्थित एक निजी विद्यालय में अपने पुराने शिक्षकों से मिलकर लौट रहे थे। इसी बीच तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि विशाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि विवेक और अंकित गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां विवेक की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। विशाल के मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
प्रभारी निरीक्षक कमलकांत त्रिपाठी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।

0 Comments