प्रेमिका की मौत के बाद पुलिस ने प्रेमी को भेजा जेल

 

     श्री अवध डाटकाम     9839627223

मोतीपुर /बहराइच  :--  स्थानीय क्षेत्र में प्रेमी द्वारा प्रेमिका को आत्महत्या के लिए उकसाने के बाद हुई मौत के प्रकरण में पुलिस ने कड़ी कार्यवाही करते हुए आरोपित प्रेमी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मृतका की मां की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार थाना मोतीपुर के गुजरना गांव निवासी शेख शरीफ रजा का मिहींपुरवा कस्बे की 25 वर्षीय लड़की से लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। पुलिस के अनुसर प्रताड़ना और विवाद से आहत होकर लड़की ने पुल से नहर में छलांग लगा दी। प्रेमी भी उसे बचाने के लिए नहर में कूदा, लेकिन तेज बहाव के कारण बाहर निकल आया, जबकि युवती पानी में बह गई। घटना के बाद मोतीपुर पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों, ग्रामीणों तथा एनडीआरएफ/एसडीआरएफ की टीम की मदद से घंटों तलाश अभियान चलाया, लेकिन सफलता नहीं मिली। मंगलवार सुबह घटना स्थल से करीब छह किलोमीटर दूर जोगिनिया पुल के पास युवती का शव उतराता मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम और प्रारंभिक जांच के बाद मृतका की मां की तहरीर पर थाना मोतीपुर में मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर शनिवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी शेख शरीफ रजा (40) को मोतीपुर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी शादीशुदा है। दोनों के बीच लंबे समय से संबंध थे और वे करीब एक वर्ष पहले मुंबई भी गए थे। कुछ दिन पहले ही दोनों वापस लौटे थे। पुलिस पूरे घटनाक्रम और घटना से पहले की परिस्थितियों की गहनता से जांच कर रही है।

थानाध्यक्ष आनंद चौरसिया ने बताया कि मृतका की मां की तहरीर, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विवेचना में मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

Post a Comment

0 Comments