नहर किनारे मिला शव, हत्या की आशंका, क्षेत्र में सनसनी


श्री अवध डाटकाम     9839627223

नानपारा/बहराइच :-  कोतवाली नानपारा क्षेत्र अंतर्गत रुपईडीहा रोड मार्ग पर कटी तिराहा नगर नानपारा निवासी अजय द्विवेदी की अज्ञात बदमाशों ने धारदार हथियार से निर्मम हत्या कर दी। वारदात के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार सोमवार रात करीब 8:30 बजे अजय द्विवेदी के मोबाइल पर एक कॉल आया, जिसके बाद वे अपनी बाइक लेकर घर से निकल गए। करीब एक घंटे बाद सरयू नहर के किनारे सिसवारा पुल के पास उनका शव खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। घटना की सूचना कानपुर निवासी अज्जू द्वारा फोन पर मृतक के पुत्र को दी गई। सूचना मिलते ही मृतक के बड़े भाई व नानपारा के वरिष्ठ पत्रकार संजय द्विवेदी परिजनों के साथ मौके पर पहुंचे और अजय को तत्काल आरएएस मेडिसिटी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नानपारा लाया गया, जहां पुनः डॉक्टरों ने मृत्यु की पुष्टि की। घटना की जानकारी मिलते ही पहुुप सिंह, राजनाथ सिंह, कस्बा इंचार्ज कामेश्वर राय तथा राजा बाजार चौकी इंचार्ज राम गोविंद वर्मा मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस क्षेत्राधिकारी नानपारा पहुुप सिंह ने बताया कि हत्या के हर पहलू की गहन जांच की जा रही है। एक विशेष टीम गठित कर दी गई है और जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। पुलिस मृतक के मोबाइल की कॉल डिटेल खंगालने के साथ ही आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है। मृतक अजय कुमार द्विवेदी के परिवार में दो पुत्र और एक पुत्री हैं—बड़ा पुत्र पवन (30) विवाहित है, पुत्री शालू (23) तथा छोटा पुत्र आशीष (20) वर्ष का है। पुलिस साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

Post a Comment

0 Comments