श्री अवध डाटकाम 9839627223
रिपोर्ट - प्रभात सिंह
बरसठी / जौनपुर :-- विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर विकास खंड क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों में शुक्रवार को व्यापक पौधरोपण अभियान चलाया गया। शासन की मंशा के अनुरूप "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत ग्राम प्रधानों, पंचायत कर्मियों और ग्रामीणों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। अभियान के तहत हरद्वारी, चंद्रभानपुर, कुसा, बघनरी, लखरांव, खोइरी, गोपालपुर, खंडवा, जरौटा, मनीपुर, घनापुर, सहरमा, पुरेशवा, भगवानपुर, पपरावन, बरसठी, भगेरी, मनापुर, निगोह, मंगरी सहित अन्य ग्राम पंचायतों में पौधरोपण किया गया। इसके लिए पूर्व में ग्राम पंचायतों को पौधे उपलब्ध कराए गए थे, जिनका रोपण निर्धारित स्थलों पर किया गया। कार्यक्रम के दौरान ग्राम प्रधानों एवं पंचायत प्रतिनिधियों ने लोगों से अधिकाधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की। बीडिओ वर्षा बंग ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों के बीच पौधरोपण पर्यावरण संतुलन बनाए रखने का सबसे प्रभावी माध्यम है। केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनके संरक्षण और संवर्धन की जिम्मेदारी भी सभी को निभानी होगी। अभियान के दौरान ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए प्रत्येक व्यक्ति से कम से कम एक पौधा लगाने और उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित रखने का आह्वान किया गया। इस मौके पर प्रधान संघ अध्यक्ष गजेंद्र दुबे, प्रधान प्रतिनिधि सुधांशू विश्वकर्मा, प्रधान चंदा सिंह, निर्मला देवी, रमाशंकर, जितेंद्र बहादुर सिंह, हरिओम यादव, मिथलेश पांडेय, बृजेश पटेल, बड़ेलाल गौतम, मुकेश यादव सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

0 Comments