श्री अवध डाटकाम 9839627223
रिपोर्ट - प्रभात सिंह
बरसठी / जौनपुर :- स्थानीय थाना क्षेत्र के हरद्वारी गांव स्थित कंपोजिट विद्यालय परिसर में बच्चों के खेलने वाले झूले की पाइप से लटकते मिले युवक के संदिग्ध शव के मामले का पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए पांच आरोपियों समेत एक बाल अपचारी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने सभी आरोपियों को बरसठी रेलवे स्टेशन के पास से पकड़कर न्यायालय भेज दिया। गौरतलब हैं कि गांव स्थित विद्यालय परिसर में शुक्रवार अल सुबह संदीप गौतम पुत्र सुमन गौतम का शव फंदे के सहारे झूले से लटकता मिला था। मामले में मृतक की बुआ सोनी देवी की तहरीर पर पुलिस ने गांव के पांच नामजद व एक अज्ञात के खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की थी। तहरीर में आरोप लगाया गया था कि प्रेम प्रसंग की रंजिश को लेकर आरोपियों से पहले से विवाद चल रहा था। आरोप है कि दो दिन पूर्व संदीप के साथ मारपीट भी की गई थी और जान से मारने की धमकी दी गई थी। घटना की रात आरोपित उसे घर से बुलाकर ले गए और हत्या के बाद शव को विद्यालय परिसर में लगे बच्चों के खेलने वाले झूले से लटकाकर आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार मामले की गंभीरता को देखते हुए टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर बरसठी रेलवे स्टेशन के पास से पांच आरोपियों और एक बाल अपचारी को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में हरद्वारी गांव निवासी दीपक भार्गव पुत्र व्यास मुनि, अमन उर्फ रेड्डी पुत्र राजेश, नंदकिशोर उर्फ नंदू पुत्र स्व. मातादीन, अभिषेक गौतम पुत्र ओमप्रकाश तथा कोहड़ा गांव निवासी अखिलेश उर्फ मंजय पुत्र फूलचंद्र थाना बरसठी शामिल हैं। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) व 3(5) के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेज दिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त अभिषेक गौतम के खिलाफ बरसठी थाने में वर्ष 2024 में घर में घुसकर चोरी करने और चोरी का माल रखने से संबंधित मुकदमा भी दर्ज है। इस संबंध में थाना प्रभारी जय प्रकाश यादव ने बताया कि मामले में नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली गई है। प्रकरण के अन्य बिंदुओं पर जांच की जा रही है।

0 Comments