जौनपुर :- जिला कारागार में बंद एक विचाराधीन कैदी की अचानक तबीयत बिगड़ी जिसकी इलाज के दौरान मौत हो जाने से हड़कंप मच गया। मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक के पिता ने पुलिस पर गम्भीर आरोप लगाया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सरपतहा थाना क्षेत्र के महमूदपुर गांव निवासी अजीत कुमार गौतम पुत्र बनवारी लाल गौतम को पुलिस ने 15 फरवरी की देर रात चोरी के आरोप में घर से हिरासत में लिया था। परिजनों का आरोप है कि युवक को चार दिन तक थाने में रखा गया और बाद में उसे जेल भेज दिया गया।
बताया जा रहा है कि बीती रात जिला कारागार में बंदी की अचानक तबीयत बिगड़ गई। जेल प्रशासन द्वारा उसे तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक के पिता ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके बेटे को झूठे मामले में फंसाया गया। उनका आरोप है कि पुलिस ने उसके जेब में जेवरात रखकर उसे चोरी के आरोप में जेल भेज दिया। फिलहाल पुलिस इस मामले में कुछ भी बोलने से बच रही है। घटना के बाद परिजनों में आक्रोश व्याप्त है। मामले की सच्चाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट और उच्चाधिकारियों की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

0 Comments