सह फसली खेती का अवलोकन कर कृषि मंत्री ने जताई प्रसन्नता


लखनऊ। कृषि मंत्री डॉ सूर्य प्रताप शाही ने कृषि विज्ञान केंद्र मसौधा तथा किसानों के यहां हो रही सह फसली की खेती देखकर उन्होंने प्रसन्नता जाहिर की तथा किसानों से सह फसली को बढ़ावा देने की अपील की ।

कृषि विज्ञान केंद्र, मसौधा (अयोध्या) द्वारा अंगीकृत उन्नत कृषि ग्राम करनाईपुर, विकास खंड तारुन का भ्रमण सूर्यप्रताप शाही , वरिष्ठ कैबिनेट मंत्री, कृषि, कृषि शिक्षा एवं कृषि अनुसंधान, उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा किया गया। इस अवसर पर श्री शाही ने केंद्र द्वारा संचालित विभिन्न प्रक्षेत्र परीक्षणों एवं अग्रिम पंक्ति प्रदर्शनों का स्थलीय अवलोकन किया।

भ्रमण के दौरान कृषि विज्ञान केंद्र द्वारा गन्ना फसल में सहफसली प्रणालियों अंतर्गत गन्ना  चना एवं गन्ना लहसुन पर किए जा रहे प्रक्षेत्र परीक्षणों का निरीक्षण किया गया। इसके अतिरिक्त समूह अग्रिम पंक्ति प्रदर्शन के अंतर्गत सरसों की उन्नत प्रजाति आर.एच. 725 एवं अग्रिम पंक्ति प्रदर्शन के अंतर्गत गेहूं की उन्नत प्रजाति डी.बी.डब्ल्यू. 187, जौ की उन्नत प्रजाति गीतांजलि तथा गन्ना की उन्नत प्रजाति कोलख 16202 पर प्रदर्शित नवीन एवं वैज्ञानिक तकनीकों का भी अवलोकन किया गया।

प्रदर्शित तकनीकों के अवलोकन उपरांत श्री शाही ने कृषि विज्ञान केंद्र, मसौधा द्वारा कृषक हित में किए जा रहे सतत एवं प्रभावी प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि उन्नत किस्मों, सहफसली खेती एवं वैज्ञानिक तकनीकों के माध्यम से किसानों की आय में वृद्धि की दिशा में कृषि विज्ञान केंद्र की भूमिका अत्यंत सराहनीय है।

इस अवसर पर माननीय मंत्री जी द्वारा प्रगतिशील कृषक राज बहादुर वर्मा के प्रक्षेत्र का विशेष रूप से भ्रमण किया गया तथा उनके खेत पर अपनाई गई उन्नत कृषि तकनीकों को अन्य कृषक भाइयों को दिखाने एवं प्रेरणा स्रोत के रूप में प्रस्तुत करने हेतु निर्देशित किया गया।

Post a Comment

0 Comments