प्रभु के भजन में साधू नहीं बनना होता है: पंकज महराज

 


सुजानगंज/ जौनपुर :-  122 दिवसीय शाकाहार-सदाचार, मद्यनिषेध व आध्यात्मिक वैचारिक जनजागरण यात्रा पर निकले जयगुरुदेव धर्म प्रचारक संस्था मथुरा के राष्ट्रीय अध्यक्ष संत पंकज जी महाराज अपने 83 वें पड़ाव पर ग्राम शिवरिहा पहुंचे जहां बड़ी संख्या में स्थानीय भाई-बहनों ने उल्लासपूर्ण स्वागत किया। आज यहां अपने सत्संग सन्देश में  ने कहा कि यह सत्संग है, कोई कथा कीर्तन नहीं। कोई ढोल मंजीरा नहीं। यहां तो केवल प्रभु की भक्ति करने की प्रेरणा जगाई जाती है। प्रभु के भजन में साधू नहीं बनना होता है। आप गृहस्थ जीवन में रहें, बाल-बच्चों में रहे। खेती दुकान दफ्तर का काम मेहनत ईमानदारी से करते हुए चौबीस घण्टे में से एक घण्टा सुबह, एक घण्टा शाम को किसी जगे हुए महात्मा से कलयुग की सरल साधना ‘‘सुरत शब्द योग’’ (नाम योग) की साधना का भेद लेकर साधना कर लें। इस क्रिया के करने से आपकी आत्मा मरने के बाद अधोगति में नहीं जायेगी। रामायण में भी प्रमाण मिलता है कि ‘‘कलयुग योग न यज्ञ न ज्ञाना , एक आधार नाम गुन गाना।’’ यही रास्ता कबीर, नानक, पलटू दास, मीराबाई, सहजोबाई आदि का रहा। हमारे गुरु महाराज परम संत बाबा जयगुरुदेव जी महाराज ने इसी नाम भेद को देकर देश में करोड़ों लोगों के दुर्व्यसनों , तीर, तलवार, बन्दूकें छुड़ा कर उनके हाथों में भगवान के भजन की माला पकड़ा दी और सच्चा साधू बना दिया। जिससे उनका जीवन बदल गया।

महाराज जी ने आगे कहा कि वर्तमान में मांसाहार का चलन व्यापक तौर पर चल रहा है, जो स्वास्थ्य और धार्मिक दृष्टि से भी अहितकर है। शराब आदि के सेवन के प्रभाव की सूचनाएं तो प्रायः अखबारों में शर्मसार करती ही रहती हैं। इसीलिए हमारी आप सबसे पुरजोर अपील है कि दीन और दुनियां बनाने के लिए आप सब शाकाहार को अपनायें तथा शराब आदि नषीले पदार्थों का परित्याग करें। अच्छे समाज के निर्माण में भागीदार बनें। 

उन्होंने आगामी 28 नवम्बर से 2 दिसम्बर तक मथुरा जयगुरुदेव आश्रम पर होने वाले पूज्यपाद दादा गुरु जी महाराज के 77वें वार्षिक भण्डारें पर पधारने का निमन्त्रण भी दिया। शांति व्यवस्था में पुलिस प्रशासन का सहयोग रहा। 

इस अवसर पर ऋशिदेव श्रीवास्तव, बालेन्द्र मिश्रा, राम पदारथ, राज कुमार यादव, अमर यादव, प्रमोद यादव ग्राम प्रधान, लक्ष्मी शंकर यादव, अरविन्द यादव, सहयोगी संगत सीतापुर के मोती लाल मौर्य, रमेश चन्द यादव, विजय मौर्य आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम के बाद जनजागरण यात्रा अगले पड़ाव हेतु ग्राम सरायभोगी (डी.पी. इण्टर कालेज मिश्रमऊ) के लिये प्रस्थान कर गई।

Post a Comment

0 Comments