बाराबंकी :- प्यार दिवाना होता है यहां तक सही है लेकिन प्यार अंधा और पागल भी होता है ऐसा यूपी के बाराबंकी जिले के घुघटेर थाना क्षेत्र में देखने को मिला जहां भतीजें के प्यार में पागल पत्नी ने दोनों के बीच में रोड़ा बन रहे पति की हत्या करवा देती है। पुलिस ने पत्नी तथा हत्या में शामिल रिक्शा चालक को गिरफ्तार कर आवश्यक कार्यवाही कर रही है।
पुलिस के अनुसार, घुघटेर थाना क्षेत्र के ददेरा गांव में सड़क के पास हनुमंत लाल (35) उर्फ हनोमान पुत्र चोखेलाल का शव मिला जो इसी गांव का रहने वाला था। उसके सिर और शरीर पर चोट के निशान थे। मृतक की पत्नी पूजा ने पुलिस को बताया था कि वह अपने पति और बच्चों के साथ बाइक से मेला देखने गई थी. वहां से लौटते समय किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी थी, जिससे उसके पति की मौत हो गई। पुलिस को पूजा की बातें संदिग्ध लगी, पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाला और मृतक के बच्चे से बात की तो पूरे घटना का खुलासा हुआ।
दरअसल, पूजा अक्सर लखनऊ आया-जाया करती थी. इस दौरान उसका संबंध परिवार के भतीजे से हो गया. इस बात की जानकारी पूजा के पति हनुमंत लाल को हुई तो दोनों में आए दिन झगड़ा होने लगा, रोज के विवाद से तंग पूजा ने अपने पति को रास्ते से हटाने का फैसला किया। इसके लिए पूजा ने लखनऊ निवासी ई-रिक्शा चालक कमलेश को अपने पति की हत्या करने के लिए एक लाख रुपये देने की बात कही। पैसों के लालच में कमलेश ने हनुमंत लाल के हत्या की योजना बनाई।
योजना के तहत पूजा अपने दो बच्चों और पति के साथ बाइक से देवां मेला देखने के बहाने से घर से निकली, वापसी के दौरान ददेरा गांव के पास पहले से ही कमलेश ई-रिक्शा लेकर खड़ा था। उसके बाद कमलेश ने पूजा और उसके बच्चे को ई-रिक्शा पर बैठा लिया, जबकि हनुमंत लाल बाइक से पीछे-पीछे चल रहा था इस बीच कमलेश और पूजा ने हनुमंत लाल की बाइक रोक कर सिर पर सरिया मारकर उसकी हत्या कर दी।
एडिशनल एसपी विकास चन्द्र त्रिपाठी ने बताया कि आरोपी पूजा ने प्यार में रुकावट बन रहे पति की अपने साथी के साथ मिलकर हत्या कर दी थी. मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है साथ ही मामले की जांच की जा रही है।

0 Comments