आईजी तथा मंडलायुक्त देवीपाटन मंडल ने किया नेपाल सीमा क्षेत्र का दौरा



भारत-नेपाल सीमा पर स्थिति सामान्य, नेपाल में सेना ने संभाली कमान

रिपोर्ट - संतोष मिश्रा

बहराइच। भारत-नेपाल के रुपईडीहा सीमा क्षेत्र में बुधवार को हालात लगभग सामान्य रहे। पड़ोसी मित्र राष्ट्र नेपालगंज से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना प्राप्त नहीं हुई। नेपालगंज शहर में आम जनजीवन पटरी पर लौटता दिखा। लोग घरों से बाहर निकले और कुछ दुकानें भी खुलीं। ज्ञात हो कि मंगलवार की रात नेपाली सेना ने देश की बागडोर अपने हाथ में ले ली थी। इसके बाद जन आंदोलनकारी संगठन जेन जे ने अपना आंदोलन वापस ले लिया तथा सेना से अंतरिम सरकार के गठन और जल्द चुनाव कराने की मांग की। सेना ने मंगलवार शाम 5 बजे से बुधवार सुबह 6 बजे तक कर्फ्यू लागू किया और जनता से शांति बनाए रखने की अपील की।सेना के अनुसार रात्रि को कर्फ्यू जारी रहेगा। इसका असर यह रहा कि बुधवार को नेपालभर में कोई बड़ी घटना नहीं हुई। सेना ने आंदोलनकारियों को वार्ता के लिए टेबल पर आने का आग्रह किया है। सूत्रों के मुताबिक, मंगलवार को हुई घटनाओं में सबसे बड़ा नुकसान तब हुआ जब देश की करीब 18 जेलों को तोड़ दिया गया और लगभग 6 हजार कैदी फरार हो गए। इससे नेपाल में अपराध बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। इधर, नेपाल के हालात को देखते हुए देवीपाटन मंडल के मंडलायुक्त शशिभूषण लाल सुशील (आईएएस) तथा आईजी जोन देवीपाटन अमित पाठक ने सीमा क्षेत्र का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने सीमा पर तैनात सुरक्षा एजेंसियों को निर्देश दिया कि संदिग्ध व राजनीतिक तत्वों को भारत में प्रवेश न करने दिया जाए, केवल जरूरतमंदों को ही अनुमति दी जाए। फिलहाल उत्तर प्रदेश पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) संयुक्त गश्त कर सीमा पर निगरानी रख रहे हैं। इसी बीच, नेपाल के जिला बांके अंतर्गत कोहलपुर के एक बालसुधार गृह से कैदियों के भागने के प्रयास के दौरान हुई झड़प में पांच कैदियों की मौत हो गई। घटना के दौरान कैदियों ने सुरक्षा कर्मियों के हथियार छीनने की कोशिश की, जिस पर मुठभेड़ जैसी स्थिति बन गई। फायरिंग में पांच कैदी मारे गए, जबकि 20–25 घायल हो गए। वहीं, करीब 80 कैदी फरार होने में सफल रहे। नेपाल के जानकारों का मानना है कि अगले 24 घंटे में हालात सामान्य पटरी पर लौट सकते हैं और राजनीतिक समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लिए जा सकते हैं।

Post a Comment

0 Comments