बीआरसी बाबागंज मे चल रहा शिक्षकों का पांच दिवसीय एफएलएन प्रशिक्षण
रिपोर्ट - संतोष मिश्रा
बहराइच। विकास क्षेत्र नवाबगंज के अंतर्गत परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों व शिक्षामित्रों का एफएलएन व एनसीईआरटी पाठ्य पुस्तक आधारित पांच दिवसीय प्रशिक्षण ब्लॉक संसाधन केंद्र नवाबगंज में आयोजित किया जा रहा है। खंड शिक्षा अधिकारी राधेश्याम वर्मा के निर्देशन में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में एआरपी शैलेन्द्र कुमार, अजय कुमार मिश्रा, जितेन्द्र बहादुर, अभिषेक कुमार मौर्य व रवीन्द्र यादव ने प्रतिभागियों को बुनियादी भाषा एवं संख्या ज्ञान के साथ-साथ एनसीईआरटी पाठ्य पुस्तक आधारित शिक्षण नीतियों व भारतीय ज्ञान प्रणाली की जानकारी दी। संदर्भदाता अजय कुमार मिश्रा ने बताया कि नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 एवं राष्ट्रीय पाठ्यचर्या की रूपरेखा 2023 के आलोक में समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में निपुण भारत मिशन के उद्देश्यों को प्राप्त करने के लिए सुनियोजित रणनीतियों की जानकारी दी गई। दो चरणों में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के 100 शिक्षकों व शिक्षामित्रों ने प्रतिभाग किया। बुधवार को द्वितीय दिवस के प्रशिक्षण के समापन सत्र को संबोधित करते हुए बीईओ राधेश्याम वर्मा ने कहा कि मुझे आशा ही नहीं बल्कि पूर्ण विश्वास है कि सभी शिक्षक, शिक्षामित्र इस प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारियों का विद्यालयों में सम्यक उपयोग करते हुए बच्चों के सर्वांगीण विकास में अपना योगदान देंगे।

0 Comments