अज्ञात वाहन की चपेट में आने से वृद्ध की मौत, शिनाख्त में जुटी पुलिस

 


सिंगरामऊ/जौनपुर :--  सिंगरामऊ थाना क्षेत्र के रजनीपुर गांव के पास सोमवार को एक अज्ञात वाहन की चपेट में आने से लगभग 65 वर्षीय एक अज्ञात वृद्ध की दर्दनाक मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्यवाही करते हुए मृतक की शिनाख्त करने एवं वाहन और चालक का पता लगाने में जुटी है। बताया जा रहा है कि किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आने से वृद्ध बुरी तरह कुचल गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मृतक की पहचान कराने के लिए आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ की, लेकिन अभी तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार मृतक ने नीले रंग की शर्ट और सफेद धोती पहन रखी थी। हादसे में शव क्षत-विक्षत हो जाने के कारण शिनाख्त में काफी कठिनाई आ रही है। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हेतु जिला अस्पताल के मोर्चरी हाउस में रखवा दिया है और आसपास के क्षेत्रों में मृतक की पहचान के प्रयास जारी हैं तथा उस अज्ञात वाहन की भी तलाश जारी है जिससे दब कर वृद्ध की मौत हुई है।

Post a Comment

0 Comments