जौनपुर :- लाइन बाजार थाना क्षेत्र के सिविल लाइन स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की मुख्य शाखा में मंगलवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया जब बैंक से 45 हजार रुपए निकाल कर बाहर निकलते समय गेट पर सेवा निवृत्त प्रोफेसर की जेब से दो महिलाएं पूरे पैसे लेकर उड़ गई। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस दोनों महिलाओं की तलाश कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार नगर के राज कालोनी निवासी तथा टी.डी. पीजी कॉलेज के रसायन विज्ञान विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष राघवेन्द्र प्रताप सिंह मंगलवार दोपहर लगभग 12 बजे भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य शाखा से पैसे निकालने पहुंचे थे। कैश काउंटर से 45 हज़ार रुपये निकालकर जैसे ही अपने कुर्ते की जेब में रखा और बाहर की ओर कदम बढ़ाया, तभी पहले से घात लगाए बैठी दो महिलाओं ने फिल्मी अंदाज़ में उनकी जेब से रूपए लेकर चम्पत हो गई ।
सूत्रों के मुताबिक, बैंक के गेट पर एक महिला ने प्रोफेसर को आगे से रोकने की कोशिश की, जबकि दूसरी महिला पीछे से उनके बिलकुल करीब आ गई। कुछ ही सेकंड में चतुराई से जेब में रखा रुपया निकाल कर दोनों महिलाएं तेजी से गेट से बाहर निकल गईं। बाहर पहुंचते ही जब राघवेन्द्र ने जेब टटोली तो उनके होश उड़ गए। जेब से रूपए गायब थे।
घबराए प्रोफेसर ने तुरंत बैंक अधिकारियों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही लाइन बाजार पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर दोनों महिलाएं साफ तौर पर शातिराना अंदाज में चोरी की वारदात को अंजाम देती नजर आईं।
पुलिस का कहना है कि दोनों महिलाओं की पहचान और उनकी तलाश तेज कर दी गई है। बैंक के भीतर इस घटना से हड़कंप मच गया है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर इतनी सख़्त सुरक्षा व्यवस्था और सीसीटीवी कैमरे होने के बावजूद बैंक के भीतर इतनी बड़ी वारदात कैसे हो गई?

0 Comments