जौनपुर में अवैध ई-रिक्शा एवं बिना हेलमेट यात्रा के विरुद्ध यातायात पुलिस का सख्त अभियान

 ✍️ श्री अवध डाट काम पर खबरों के लिए संपर्क करें 9839627223

(ए के तिवारी)

जौनपुर: उत्तर प्रदेश शासन की मंशा के अनुरूप जनपद जौनपुर में सड़क सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक जौनपुर के निर्देशन में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान दो चरणों में संचालित हो रहा है—एक, अवैध रूप से संचालित ई-रिक्शा के विरुद्ध तथा दूसरा, बिना हेलमेट के दोपहिया वाहन चालकों के विरुद्ध।

ई-रिक्शा के विरुद्ध 1 अप्रैल 2025 से 30 अप्रैल 2025 तक चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में बिना रजिस्ट्रेशन, बिना फिटनेस, बिना लाइसेंस एवं बिना चेसिस नंबर के ई-रिक्शा को चेक किया गया। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित वाहनों के विरुद्ध चालान एवं सीज की कार्रवाई की गई।

अब तक ई-रिक्शा अभियान के तहत कुल 602 चालकों का चालान किया गया, जिन पर कुल ₹10,75,000 का जुर्माना लगाया गया। इस जुर्माने में से ₹2,38,000 की वसूली की जा चुकी है। वहीं, 47 ई-रिक्शा को जब्त भी किया गया है।

इसी प्रकार, सड़क सुरक्षा के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने हेतु 8 अप्रैल से 22 अप्रैल 2025 तक बिना हेलमेट के वाहन संचालन के विरुद्ध सघन चेकिंग अभियान भी चलाया जा रहा है। इस अभियान के दौरान अब तक 2,241 दोपहिया चालकों का चालान किया गया है, जिन पर कुल ₹27,59,500 का जुर्माना लगाया गया। इस राशि में से ₹45,000 की वसूली हो चुकी है, जबकि नियमों की अनदेखी पर 6 दोपहिया वाहनों को सीज भी किया गया है।


यातायात पुलिस की यह सख्ती न केवल नियमों का उल्लंघन करने वालों के लिए चेतावनी है, बल्कि आमजन को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम भी है। अभियान आगे भी जारी रहेगा और पुलिस प्रशासन ने जनता से सहयोग की अपील करते हुए नियमों का पालन करने की अपील की है।

Post a Comment

0 Comments