श्री अवध डाटकाम 9839627223
रिपोर्ट - हिमांशु मिश्रा
बहराइच :- जिले के महसी तहसील क्षेत्र में एक बार फिर आदमखोर जंगली जानवरों का खौफ लौट आया है। थाना हरदी क्षेत्र के नथुवापुर गांव में शुक्रवार की देर रात जंगली जानवर ने एक ही रात में दो लोगों पर हमला कर उन्हें लहूलुहान कर दिया। हमले में 5 वर्षीय मासूम बच्ची सौम्या पुत्री अंगनू राय और 22 वर्षीय युवक संजय पुत्र मिहीराव गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को आनन-फानन में सीएचसी रमपुरवा ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
घटना के बाद से पूरे गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीण रातभर जागकर पहरा देने को मजबूर हैं। बच्चों को घरों से बाहर निकलने से रोका जा रहा है। महिलाएं और बुजुर्ग शाम ढलते ही घरों में दुबक जा रहे हैं। गांव में इस बात की चर्चा है कि कहीं फिर वही खूनी दौर तो नहीं लौट आया, जिसने महसी को कभी दहशत का दूसरा नाम बना दिया था।
महसी में आदमखोर जानवर का हमला कोई नई घटना नहीं है। इस मिट्टी ने वो खूनी दास्तान भी देखी है, जब दो वर्ष पूर्व खूंखार भेड़ियों के कुनबे ने आतंक मचाया था। उस दौर में भेड़ियों ने 10 मासूम बच्चों सहित दो बुजुर्गों को अपना निवाला बना लिया था। गांव-गांव में चीख-पुकार थी, हर घर में मातम था, हर मां अपने बच्चे को सीने से लगाकर सोती थी। प्रशासन और वन विभाग की टीमों ने महीनों अभियान चलाया, तब जाकर कहीं राहत मिली।
बीते वर्ष भी महसी से लगे घाघरा नदी कछार के कैसरगंज वन्य क्षेत्र में भेड़ियों ने कहर बरपाया था। वहां लगभग 14 लोगों को भेड़ियों ने अपना शिकार बना लिया था। एक के बाद एक हो रही मौतों ने पूरे तराई क्षेत्र को हिलाकर रख दिया था। उस समय भी वन विभाग ने बड़े-बड़े दावे किए थे, ड्रोन से निगरानी, पिंजरे, ट्रैप कैमरे और विशेष टीमों के गठन की बात कही गई थी। लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि हमले आज भी नहीं थमे हैं।
यही नहीं, महसी में आदमखोर तेंदुए के हमलों ने भी लोगों की नींद उड़ा रखी है। तेंदुए के हमले में कई लोग घायल हो चुके हैं। कई मवेशियों के साथ-साथ दो लोगों को अपनी जान तक गंवानी पड़ी थी। तब जाकर वन विभाग नींद से जागा और काफी मशक्कत के बाद तेंदुआ पकड़ा गया था। हर बार यही पैटर्न देखने को मिलता है, हमला होता है, मौत होती है, हंगामा होता है, फिर विभाग जागता है।
ग्रामीणों का कहना है कि वन विभाग की शिथिल कार्यशैली और लापरवाह रवैया ही इन हमलों में कहीं न कहीं मददगार साबित हो रहा है। समय पर गश्त नहीं होती, संवेदनशील गांवों में पिंजरे नहीं लगाए जाते, ग्रामीणों को जागरूक नहीं किया जाता। हमले के बाद सिर्फ आश्वासन मिलता है। वन विभाग सक्रियता का दावा तो करता है, टीम लगाता है, पिंजरा लगाता है, लेकिन जब तक कोई बड़ी घटना नहीं हो जाती, तब तक अभियान ठंडे बस्ते में पड़ा रहता है।
इधर घटना की सूचना पर भाजपा नेता अखंड प्रताप सिंह गोलू मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायल बच्ची और युवक से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और परिजनों से भेंट की। उन्होंने वन विभाग की टीम को गांव में गश्त बढ़ाने और जानवर को जल्द पकड़ने के सख्त निर्देश दिए। साथ ही ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की।
अब सवाल यह है कि क्या वन विभाग इस बार भी सिर्फ कागजी कार्रवाई करेगा या महसी तहसील क्षेत्र के लोगों को आदमखोर जानवर के खौफ से सच में मुक्ति दिलाएगा? क्योंकि महसी के लोग अब दावों से नहीं, बल्कि धरातल पर कार्रवाई से राहत चाहते हैं। उन्हें अब यह भरोसा चाहिए कि उनके बच्चे सुरक्षित घर लौटेंगे और रात को चैन की नींद सो सकेंगे।

0 Comments