विद्यालय में करंट की चपेट में आने से कक्षा 4 के छात्र की मौत, तीन शिक्षक गिरफ्तार


बलिया :-- जिले में गड़वार थाना क्षेत्र के कनैला हरिजन बस्ती नवीन पोखरा स्थित प्राथमिक विद्यालय मे एक दर्दनाक हादसे में कक्षा चार के 12 वर्षीय छात्र की करंट लगने से मौत हो गई। इस मामले में मृतक छात्र के बड़े भाई की तहरीर पर पुलिस ने  तीन आरोपित अध्यापकों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। मृतक छात्र की पहचान विसुकिया गांव निवासी इजहार के 12 वर्षीय पुत्र अरशद के रूप में हुई है। अरशद कनैला गांव के नवीन पोखरा हरिजन बस्ती स्थित प्राथमिक विद्यालय में कक्षा चार में पढ़ता था। रोज की तरह सोमवार को भी वह स्कूल पढ़ने गया था। 

परिजनों का आरोप है कि विद्यालय के शिक्षकों ने किचन की छत पर लगी लौकी तोड़ने के लिए छात्र अरशद को छत पर भेज दिया। छत पर चढ़ने के दौरान विद्यालय के बगल से गुजर रही 11 हजार केवी की हाई-टेंशन लाइन की चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई।घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने विद्यालय पर हंगामा शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही एसडीएम सदर, सीओ सिटी, बीएसए, खण्ड शिक्षाधिकारी सहित गड़वार, सुखपुरा, फेफना, चितबड़ागांव समेत आधा दर्जन थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई। ग्रामीण जिलाधिकारी को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे। अधिकारियों द्वारा कई घंटों तक समझाने-बुझाने और उचित कार्रवाई के आश्वासन के बाद ग्रामीण शांत हुए।

  मृतक के बड़े भाई मु. सलमान की लिखित तहरीर के आधार पर गड़वार थाने में बीएनएस की धारा 105, 198, 3(5) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले में कार्रवाई करते हुए उप निरीक्षक ओमप्रकाश यादव मय टीम ने तीन वांछित आरोपियों सिकन्दरपुर थाना क्षेत्र के चेतन किशोर निवासी सहायक अध्यापक विजयशंकर पुत्र परिहार हरिजन ,कोतवाली थाना क्षेत्र के निराला नगर निवासी सहायक अध्यापक अनिल कुमार पुत्र शिवधनी, गड़वार थाना क्षेत्र के हरिपुर गांव निवासी शिक्षामित्र दीपचंद्र राम पुत्र कपिलदेव राम को गिरफ्तार कर लिया। तीनों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए माननीय न्यायालय में चालान कर जेल भेज दिया गया।

               

Post a Comment

0 Comments