श्री अवध डाटकाम 9839627223
जौनपुर :- जिले के बक्सा थाना क्षेत्र स्थित अलीगंज बाजार के पास बुधवार देर रात एक स्कूल बस सड़क पर बने डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में बस में सवार 36 बच्चों समेत कुल 40 लोग घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस सेवा की टीम ने सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
मिली जानकारी के अनुसार बुधवार रात करीब 11 बजे प्रतापगढ़ के जहानाबाद से संबंधित स्कूल की बस अलीगंज बाजार के पास पहुंची थी। इसी दौरान बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस में सवार बच्चों और स्टाफ सदस्यों को चोटें आईं। घटना की जानकारी मिलते ही 108 एंबुलेंस सेवा के ईएमई मनीष सिंह ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सर्किल की सभी एंबुलेंस को घटनास्थल पर भेजा। एंबुलेंस कर्मियों ने घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाने में मदद की।
इस दौरान ईएमटी जयप्रकाश ने एंबुलेंस में ही घायलों को प्राथमिक उपचार दिया, जबकि पायलट मोहम्मद शाहिद ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सभी घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है। हादसे के बाद बच्चों और उनके परिजनों में चिंता का माहौल बना रहा।

0 Comments