रिपोर्ट - प्रभात सिंह
जौनपुर/ बरसठी | रुपये दोगुने करने का झांसा देकर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह के कथित सरगना को बरसठी पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से 500 रुपये के नोट जैसी रंगत वाले कागज के 22 टुकड़े, उन पर लगा संदिग्ध विस्फोटक पदार्थ, कार, मोबाइल और 2230 रुपये बरामद हुए। मिली जानकारी के अनुसार थाना प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश यादव ने हमराहियों के साथ मियाचक तिराहे पर वाहन चेकिंग के दौरान एक कार को रोककर तलाशी ली। इस दौरान कार चालक सचिन उपाध्याय (33) निवासी अबरना, थाना सुरियावां, भदोही को पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह गिरोह के सदस्यों के साथ मिलकर रुपये दोगुने करने का झांसा देता था। लोगों का विश्वास जीतने के लिए आरबीआई के लोगो और नोट जैसी रंगत वाले कागज का इस्तेमाल करता था। इसके बाद कथित तौर पर विस्फोटक पदार्थ की मदद से ठगी को अंजाम देता था। आरोपी के खिलाफ भदोही और सुरियावां थानों में भी प्राथमिकी दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4), 336(3), 338, 340(2), 61(2) और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धारा 4/5 के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय भेज दिया। इस संबंध में थाना प्रभारी जय प्रकाश यादव ने बताया कि आरोपी गिरोह के साथ मिलकर रुपये दोगुने करने का झांसा देकर ठगी करता था। उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर न्यायालय भेज दिया गया है।

0 Comments