श्री अवध डाटकाम 9839627223
रिपोर्ट - दिलीप सिंह
गोण्डा :-- परसपुर थाना पुलिस, एसओजी और सर्विलांस की संयुक्त टीम ने चोरी और नकबजनी की कई घटनाओं का खुलासा करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण, 40,800 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक गोण्डा विनीत जायसवाल के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी राधेश्याम राय के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी कर्नलगंज आनंद कुमार राय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने चरहुआ बाईपास पुलिया के पास से शनि पुत्र रमाशंकर निषाद, निवासी राम नेवाज पुरवा, थाना परसपुर और वीरेन्द्र कश्यप पुत्र दिनेश कुमार कश्यप, निवासी पिकौरा, थाना छपिया को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर पहले चोरी के लिए स्थान की रेकी करते थे। मौका मिलने पर घरों और जेवरात की दुकानों को निशाना बनाकर चोरी करते थे। चोरी किए गए आभूषणों को राहगीरों को अपनी मजबूरी बताकर बेच देते थे और प्राप्त रकम तथा सामान को आपस में बांट लेते थे।
पूछताछ के आधार पर पुलिस ने परसपुर थाना क्षेत्र की चार, कोतवाली देहात, छपिया और खोड़ारे थाना क्षेत्रों की चार समेत कुल आठ चोरी/नकबजनी की घटनाओं का खुलासा किया है।
पुलिस के अनुसार शनि ने परसपुर क्षेत्र के नरायनपुर साल, नरायनपुर ललक और हरदिहा सोपौर में हुई चोरी में शामिल होना बताया। पसका मंदिर दक्षिण तट पर हुई चोरी अकेले करने की बात कही। वहीं छपिया क्षेत्र के तालागंज और उल्लहा में हुई चोरी की घटनाओं में भी साथियों के साथ शामिल होने की जानकारी दी। वीरेन्द्र कश्यप ने खोड़ारे क्षेत्र के औसानी बुजुर्ग तथा कोतवाली देहात क्षेत्र के वेलवा नोहर चौराहा स्थित जेवरात की दुकान में चोरी की घटना में शामिल होने की बात पुलिस को बताई। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो सफेद धातु के सिक्के, 12 जोड़ी बिछुआ, एक जोड़ी झाला, छह जोड़ी पायल, दो पीली धातु की अंगूठियां, एक नथुनी, एक मटरमाला, एक जोड़ी झुमकी और 40,800 रुपये नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी शनि का पूर्व में भी कई मुकदमों में आपराधिक इतिहास रहा है, जिसमें गैंगस्टर एक्ट का मामला भी शामिल है। पुलिस अब पूछताछ में सामने आए अन्य आरोपियों तिलकराम उर्फ झिनकू चौहान, श्यामसुंदर उर्फ गब्बर, रवि शर्मा और योगेश चौहान की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में एसओजी प्रभारी आशुतोष सिंह, परसपुर थानाध्यक्ष कमल शंकर चतुर्वेदी, सर्विलांस प्रभारी मनीष कुमार समेत एसओजी, सर्विलांस और थाना परसपुर के पुलिसकर्मी शामिल रहे।

0 Comments