मऊ / यूपी:-  उत्तर प्रदेश से एक बड़ी खबर आ रही है जहां मऊ जिले के घोसी क्षेत्र स्थित एक कंपोजिट विद्यालय में धार्मिक प्रतीकों को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। आरोप है कि एक शिक्षक ने तिलक लगाकर और कलावा बांधकर आए छात्रों से बदसलूकी की और उनकी पिटाई कर दी। मामला सामने आते ही जिलेभर में हड़कंप मच गया।सूचना मिलने पर हिंदू संगठनों ने स्कूल में पहुंचकर विरोध दर्ज कराया और संबंधित शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मामला बढ़ता देख शिक्षा विभाग हरकत में आया और शिक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।

 मिली जानकारी के अनुसार लाखीपुर कंपोजिट विद्यालय के सहायक अध्यापक परमानंद कुमार पर आरोप है कि वह धार्मिक चिन्हों को लेकर छात्रों से आपत्तिजनक भाषा में बात करते हैं और कई बार छात्रों की पिटाई भी करते हैं।

*बीएसए ने की त्वरित कार्रवाई, जांच अधिकारी नियुक्त*

 मामले की जानकारी होने के बाद बेसिक शिक्षा अधिकारी संतोष कुमार उपाध्याय ने गुरुवार को शिक्षक परमानंद कुमार को निलंबित करते हुए उन्हें सरहरा जमीन कंपोजिट विद्यालय से संबद्ध कर दिया। बीएसए ने कहा कि शिक्षक का व्यवहार सेवा नियमों के विरुद्ध पाया गया है।


          उन्होंने बताया कि प्राथमिक जांच में शिक्षक की भूमिका संदिग्ध प्रतीत हुई है। मामले की गहन जांच के लिए दो खंड शिक्षा अधिकारियों को नामित किया गया है। रिपोर्ट 15 दिनों के भीतर मांगी गई है ताकि आगे की कार्रवाई की जा सके।